बहराइच।जिले के हरदी थाना क्षेत्र के जंगल पुरवा, पूर्ववती गड़रिया गांव में जमीन और मकान के पुराने बंटवारे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। यहां रहने वाली उर्मिला पत्नी सुरेश सिंह ने गांव के कुछ लोगों पर घर गिराने की कोशिश करने, विरोध करने पर उनके परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने हरदी थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
पीड़िता उर्मिला के अनुसार, उनके घर और जमीन का परिवार में पहले ही बंटवारा हो चुका है। इसके बावजूद 7 नवंबर 2026 को श्याम करीब 7:00 बजे जितेंद्र सिंह और शिवम सिंह कथित रूप से फावड़ा लेकर उनके घर पहुंचे और मकान की दीवार खोदकर गिराने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि इस दौरान घर में घुसकर परिवार के लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट की गई।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने उर्मिला की बहू अंजलि कुमार को भी घर से बाहर निकालकर लाठी-डंडों से पीटा। इतना ही नहीं, उनके पिता विश्वंभर सिंह और माता सुखरानी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। मारपीट में सुखरानी के पैर में चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है।
पीड़ित पक्ष ने स्पष्ट किया है कि घटना के समय उदयराज सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि उदयराज सिंह दिवाली के दिन वहां आए थे। ऐसे में घटना के संबंध में उनकी मौजूदगी को लेकर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
घर गिराने का विरोध करने पर मारपीट और धमकी का आरोप
उर्मिला का आरोप है कि जब परिवार के लोगों ने मकान की दीवार गिराने का विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और लाठी-डंडों से हमला किया गया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित परिवार को आशंका है कि जमीन विवाद के चलते आरोपी दोबारा उनके घर को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
कई जगह शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि जमीन और मकान से जुड़े विवाद को लेकर वह पहले भी संबंधित अधिकारियों और विभिन्न जगहों पर शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद न्याय नहीं मिलने से परिवार परेशान है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मारपीट में घायल सदस्यों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने, मकान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश पर रोक लगाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।

