अस्पताल से शव लेकर घर लौट रहे थे, रास्ते में मौत ने घेरा, सिरमौर में बोलेरो गहरी खाई में गिरी; 4 की मौत, 9 घायल

Date:

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में मंगलवार आधी रात को एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिर गई। बोलेरो में सवार लोग दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत के बाद शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गतलोग के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है।

शव ले जाने के लिए किराये पर ली थी बोलेरो
पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 12:45 बजे गतलोग के समीप हुआ। सुनिल शर्मा पुत्र राम स्वरूप निवासी गांव चिनाड ने पुलिस को बताया कि 11 अगस्त को वह अपने ताऊ जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ने के बाद उपचार के लिए संगड़ाह अस्पताल लेकर आया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जगदीश शर्मा के शव को गांव अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर (HP 79-4595) किराये पर ली गई। वाहन को कपिल देव पुत्र वीरेंद्र, निवासी डूंगी, डाकघर लाना पालर, तहसील संगड़ाह चला रहा था।

अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वाहन में सवार हुए थे लोग
पुलिस के अनुसार जब वाहन गांव चिनाड के पास पहुंचा तो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के अन्य लोग भी उसमें सवार हो गए। इसके बाद वाहन गतलोग की ओर बढ़ रहा था। गतलोग के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो कैंपर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हो गए।

मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है-

राजेन्द्र (37) पुत्र नूपा राम, निवासी गांव अरलू, डाकघर भूजौंड, तहसील नौहराधार
देस राज (23) पुत्र प्रेम सिंह, निवासी गांव अरलू, डाकघर भूजौंड
रिखी राम (58) पुत्र जागर सिंह, निवासी गांव चिनाड, डाकघर भूजौंड, तहसील नौहराधार
राम गोपाल (62) पुत्र गंगा राम, निवासी गांव चिनाड, डाकघर भूजौंड, तहसील नौहराधार
घायलों में चार की हालत गंभीर
घायलों में बृज मोहन (62), कृपा राम (61), देवेन्द्र सिंह (44), सुनिल शर्मा (21), राम स्वरूप (44), जय प्रकाश (45), संदीप (21), कमलेन्द्र (48) तथा वाहन चालक कपिल देव (39) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को अधिक चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उन्हें अग्रिम उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम CHC संगड़ाह में कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोने की जताई जा रही है।

बता दें कि हाल ही में हिमाचल के चंबा से भी ऐसी ही एक दर्दनाक खबर सामने आई थी। यहां एक ऑल्टो कार गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related