हैदराबाद में पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है जो होटलों में मटन की जगह बीफ को सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने बीफ मिला हुआ 50 किलोग्राम मांस भी बरामद किया है।
तेलंगाना के हैदराबाद में मटन के नाम पर कथित रूप से बीफ की सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। हैदराबाद पुलिस की क्राइम टीम और H-FAST यूनिट ने इस मामले में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को अरेस्ट किया है। आरोप है कि ये दोनों हैदराबाद के कई होटलों में मटन बताकर बीफ सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने एक्शन के दौरान बीफ मिला हुआ लगभग 50 किलोग्राम मांस भी जब्त किया है।
मटन के नाम पर सप्लाई कर रहे थे बीफ
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद जहांगीर पाशा के तौर पर हुई है। मोहम्मद उस्मान मल्लेपल्ली क्षेत्र में स्थित उस्मान मीट शॉप का मालिक है, जबकि मोहम्मद जहांगीर पाशा, अयान मीट शॉप में काम करता है। पड़ताल में सामने आया कि मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद जहांगीर पाशा दोनों मिलकर हैदराबाद के कई होटलों को मटन के नाम पर कथित रूप से बीफ की सप्लाई कर रहे थे।
रंगे हाथ पकड़े गए दोनों आरोपी
फिर, इनपुट मिलने के बाद CCS और H-FAST की टीम ने मंगलवार को छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके से लगभग 50 किलो ऐसा मांस रिकवर किया गया, जिसमें पुलिस के मुताबिक बीफ मिक्स था। बरामद हुए मांस को जांच के लिए सीज कर लिया गया है।
हैदराबाद पुलिस ने दर्ज किया केस
अरेस्ट करने के बाद दोनों आरोपियों को आगे के कानूनी एक्शन के लिए हबीब नगर थाने के हवाले कर दिया गया। हैदराबाद पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और यह मालूम करने का प्रयास किया जा रहा है कि यह कथित रैकेट कब से संचालित था, इसकी सप्लाई किन-किन होटलों में होती थी और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं।
बीफ की सप्लाई चेन का लगाया जा रहा पता
हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, इस मामले की गहन जांच चल रही है। जांच के दौरान कथित बीफ की सप्लाई चेन, मीट के स्रोत और इस पूरे नेटवर्क से संबंधित अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी। अगर पड़ताल के दौरान आरोप सही पाए गए तो इससे जुड़े आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मीट की क्वालिटी को लेकर उठे सवाल
यह केस सामने आने के बाद हैदराबाद में फूड सेफ्टी और होटलों में परोसे जाने वाले मीट की क्वालिटी को लेकर भी प्रश्न उठने लगे हैं। पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि अगर उन्हें इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।

