संपत्ति विवाद में देवर पर जानलेवा हमले का आरोप, आंख की रोशनी गई; घर से बेदखली और धमकाने की शिकायत, परिवार ने सुरक्षा की गुहार

Date:

मुरादाबाद। रतनपुर कलां गांव निवासी गुड्डू उर्फ राजेन्द्र ने अपने छोटे भाई पप्पू उर्फ रंजीत पर अचल संपत्ति हड़पने की नीयत से जानलेवा हमला करने और बाद में झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार 14 नवंबर 2025 को हुए हमले में उसकी दायीं आंख की रोशनी स्थायी रूप से चली गई। मामले में पाकबड़ा थाने में मुकदमा संख्या 326/2025 दर्ज हुआ था। पीड़ित का दावा है कि आरोपी जेल से बाहर आने के बाद से लगातार समझौते का दबाव बना रहा है और परिवार को परेशान किया जा रहा है।

एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में गुड्डू उर्फ राजेन्द्र ने बताया कि संपत्ति विवाद के चलते उसके छोटे भाई पप्पू उर्फ रंजीत ने उस पर हमला किया था। घटना के बाद उसकी दायीं आंख गंभीर रूप से प्रभावित हुई और इलाज के बावजूद रोशनी वापस नहीं आ सकी। शिकायतकर्ता के मुताबिक मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था और आरोपी कुछ समय जेल में भी रहा।

पीड़ित का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद पप्पू उर्फ रंजीत उस पर झूठा मुकदमा दर्ज कराकर दोबारा जेल भिजवाने का दबाव बना रहा है। इसके साथ ही आरोपी पक्ष की ओर से मामले में समझौता करने के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

चार लोगों पर धमकी और मारपीट कर परेशान करने का आरोप

पीड़ित दंपती ने अब अपनी शिकायत में परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े चार अन्य लोगों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खचेडू, गिरधारी, सोमपाल और जोगिंदर नाम के लोग भी उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। पीड़ित परिवार के अनुसार इन लोगों द्वारा कथित तौर पर धमकी देने और मारपीट करने की घटनाएं की जाती हैं, जिससे उनका जीना मुश्किल हो गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक इनमें कुछ लोग परिवार के ही रिश्तेदार हैं, जबकि कुछ का संबंध उसकी पत्नी सुमित्रा के नंदोई पक्ष से बताया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन लोगों के कारण वह और उसका परिवार लगातार भय के माहौल में रह रहा है। पीड़ित दंपती ने आशंका जताई है कि संपत्ति विवाद के चलते उनके साथ दोबारा मारपीट या कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस से आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

छेड़छाड़ के आरोप को लेकर भी हुआ विवाद

शिकायत में 1 फरवरी 2026 की रात की घटना का भी जिक्र किया गया है। गुड्डू के अनुसार रात करीब 10 बजे उसके भाई की पत्नी संगीता सड़क पर पहुंची और उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शोर मचाने लगी। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर 112 पुलिस और थाना पुलिस भी पहुंची।

गुड्डू का कहना है कि उस समय वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रहा था। पुलिस ने उसे जगाकर पूछताछ की और सुबह थाने आने के लिए कहा। इसके बाद उसने पुलिस को लिखित शिकायत देकर घटना की जानकारी दी।

घर का ताला टूटा मिलने का भी दावा

वहीं, गुड्डू की पत्नी सुमित्रा ने 18 अप्रैल 2026 को उपजिलाधिकारी बिलारी को अलग शिकायती पत्र देकर घर में प्रवेश दिलाने और परिवार की मदद करने की गुहार लगाई है। सुमित्रा के अनुसार पति पर हुए हमले के बाद से ही परिवार तनाव में है। उसका दावा है कि वह अपनी बहन की शादी में पति और दोनों बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर मायके गई थी। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ मिला।

सुमित्रा का आरोप है कि इसके बाद से वह लगातार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उसका कहना है कि वह पति और दोनों बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर है।

पीड़ित दंपती ने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, धमकी और मारपीट के लगाए गए आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा घर और संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद का समाधान कराने की मांग की है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Strait of Hormuz में कमर्शियल जहाज पर हमला, 11 भारतीय घायल; सभी को सुरक्षित निकाला गया

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पनामा के झंडे वाले कमर्शियल...