कपसेठी के जनरल स्टोर में संदिग्ध विस्फोटक से धमाका, पांच वर्षीय बालक की मौत

Date:

दुकान में रखे पैकेट में अचानक हुआ विस्फोट, गंभीर रूप से घायल कार्तिक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के कपसेठी बाजार स्थित जायसवाल जनरल स्टोर में शनिवार सुबह करीब आठ बजे संदिग्ध विस्फोटक के पैकेट में अचानक धमाका होने से सनसनी फैल गई। हादसे में दुकान के अंदर मौजूद पांच वर्षीय बालक कार्तिक जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर हेरिटेज अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि आशीष जायसवाल का पांच वर्षीय पुत्र कार्तिक जायसवाल दुकान के अंदर गया था। इसी दौरान वहां रखे एक संदिग्ध पैकेट में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे कपसेठी चौराहे स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हेरिटेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बच्चे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

मासूम कार्तिक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता और दहशत का माहौल है।

दुकान में संदिग्ध विस्फोटक कैसे पहुंचा, जांच का विषय

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जनरल स्टोर जैसी दुकान में संदिग्ध विस्फोटक का पैकेट कैसे पहुंचा और उसे वहां किस उद्देश्य से रखा गया था। विस्फोटक पदार्थ रखने की अनुमति थी या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष विकास मौर्य के अनुसार दुकान में रखे संदिग्ध पैकेट की प्रकृति, उसे दुकान में रखने की परिस्थितियों और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पैकेट दुकान तक कैसे पहुंचा और घटना के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।

मासूम कार्तिक की मौत के बाद पूरे इलाके में घटना को लेकर चर्चा है। पुलिस की जांच और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुकान में रखा पैकेट किस प्रकार का था और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related