बाबर आजम को लेकर आई बड़ी खबर, 7 साल बाद घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलते आएंगे नजर

Date:

खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर आजम ने करीब सात साल बाद घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वापसी का फैसला किया है। बाबर आजम को OGDCL ने बतौर गेस्ट खिलाड़ी अपनी टीम में शामिल किया।
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने अपनी खराब फॉर्म से बाहर निकलने के लिए घरेलू क्रिकेट का रुख किया है। टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय से बड़ी पारी के लिए तरस रहे बाबर करीब सात साल बाद घरेलू फर्स्ट क्लास मुकाबला खेलते नजर आएंगे। उन्हें जारी प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 टूर्नामेंट में ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड यानी OGDCL ने बतौर गेस्ट प्लेयर टीम में शामिल किया है।

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, बाबर ने खुद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया था कि उन्हें प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में किसी टीम के साथ खेलने का मौका दिया जाए। उनका मकसद लंबे प्रारूप के क्रिकेट से जुड़े रहना और टेस्ट क्रिकेट की अपनी फॉर्म को दोबारा हासिल करना है। इसके बाद PCB ने OGDCL के साथ व्यवस्था कर उन्हें टीम में शामिल कराया।

7 साल पहले खेला था आखिरी फर्स्ट क्लास मैच
बाबर ने आखिरी बार 2019 में घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला था। उस समय उन्होंने सेंट्रल पंजाब टीम की कप्तानी करते हुए कायद-ए-आजम ट्रॉफी के फाइनल में नॉर्दर्न को हराकर खिताब जीता था। उस सीजन में बाबर ने सिर्फ दो घरेलू फर्स्ट क्लास मैच खेले थे। टेस्ट क्रिकेट में बाबर की फॉर्म लंबे समय से चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने आखिरी टेस्ट शतक दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची में लगाया था, जब उन्होंने 161 रन की पारी खेली थी। हालांकि, पिछले पांच टेस्ट में उन्होंने चार अर्धशतक जरूर लगाए हैं। पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट में उनका हाईएस्ट स्कोर 88 रन रहा था। पाकिस्तान ने वह मुकाबला जीतकर जुलाई 2023 के बाद पहली बार विदेशी जमीन पर टेस्ट मैच जीता था।

इंग्लैंड में बाबर आजम की खुली पोल
हाल में इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान को तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने बाबर की शॉर्ट गेंदों के खिलाफ कमजोरी को निशाना बनाया। लॉर्ड्स और एजबेस्टन में उनकी बल्लेबाजी को लेकर सवाल और ज्यादा बढ़ गए। वह चोट के कारण हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट का हिस्सा भी नहीं थे।

बाबर की खराब फॉर्म को लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर लगातार उनकी तकनीक पर चर्चा करते रहे हैं। इसके बावजूद वह लंबे समय तक घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट से दूर रहे। इस सीजन प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी और प्रेसिडेंट्स कप के लिए जब PCB ने टीमों का ऐलान किया था, तब बाबर किसी भी 8 टीमों की शुरुआती लिस्ट में शामिल नहीं थे। इस सीजन कई इंटरनेशनल खिलाड़ी प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में खेल रहे हैं। इनमें शाहीन शाह अफरीदी और सलमान अली आगा जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related