सिख ट्रक ड्राइवर पर हमले से भड़के अमेरिकी सांसद, रेस्ट स्टॉप पर घोंप दिया गया था चाकू

Date:

अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने व्योमिंग में सिख ट्रक ड्राइवर पर हुए हमले की निंदा करते हुए नफरत और हिंसा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने DHS की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर भी सवाल उठाया है।
व्योमिंग में सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमले की अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने निंदा की।
कृष्णमूर्ति ने कहा- नफरत फैलाने वालों को रुकना होगा, हिंसा करने वालों की जवाबदेही तय हो।
सैक्रामेंटो में भारतीय मूल की शालिनी ठाकुर की गोली मारकर हत्या मामले का भी जिक्र हुआ।
वॉशिंगटन: अमेरिका के व्योमिंग में एक रेस्ट स्टॉप पर सिख ट्रक ड्राइवर पर हुए चाकू से हमले की अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में सिख और दक्षिण एशियाई मूल के लोगों को निशाना बनाने वाली नफरत चिंता की बात है। कृष्णमूर्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि वह इस हमले से ‘हैरान’ हैं। उन्होंने नफरत और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

DHS की सोशल मीडिया पोस्ट पर भी उठाया सवाल
अमेरिकी सांसद ने इस घटना के साथ अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया। कृष्णमूर्ति के मुताबिक, इस पोस्ट में सिख ट्रक ड्राइवर की ऐसी तस्वीर पेश की गई थी, जिसे उन्होंने नस्लीय और आपत्तिजनक बताया। उन्होंने लोगों से नफरत और हिंसा के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। कृष्णमूर्ति ने कहा,

‘जो लोग इस नफरत को फैला रहे हैं, उन्हें रुकना होगा। इसमें हमारी अपनी संघीय सरकार के अधिकारी भी शामिल हैं। जो लोग इस नफरत को हिंसा में बदलते हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। अमेरिका को इससे बेहतर होना चाहिए।’

‘घायल ट्रक ड्राइवर के ठीक होने की कामना की’
कृष्णमूर्ति ने घायल ट्रक ड्राइवर के प्रति समर्थन जताते हुए उसके जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना की। साथ ही उन्होंने उस परिवार का भी धन्यवाद किया, जिसकी तुरंत की गई मदद से ड्राइवर की जान बचाने में मदद मिली। कृष्णमूर्ति ने कहा,

‘मैं श्री सिंह के पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।’

सैक्रामेंटो में भारतीय मूल की महिला की हत्या का भी जिक्र
कृष्णमूर्ति का बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में भारतीय मूल की एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी भारत का रहने वाला था और वह कथित तौर पर कई महीनों से महिला का पीछा कर रहा था। DHS के अनुसार, घटना 8 सितंबर को एक शॉपिंग सेंटर में हुई। आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई है। उसने 38 वर्षीय शालिनी ठाकुर को उनकी कार के पास गोली मार दी। शालिनी ने भागने की कोशिश की थी। घटना के बाद रोहित वहां से भाग गया और बाद में खुद को गोली मारकर जान दे दी।

जनवरी से शालिनी का पीछा करने का आरोप
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर जनवरी 2026 से शालिनी ठाकुर का पीछा कर रहा था। रिपोर्टों में कहा गया कि शालिनी को अपनी कार के नीचे ‘एप्पल एयरटैग’ मिला था। इसके अलावा आरोपी पर उनकी कार के टायरों की हवा निकालने और काम पर जाते समय उनका पीछा करने का भी आरोप है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर शालिनी के अपार्टमेंट की चाबी की एक कॉपी हासिल कर ली थी और जब वह सो रही थीं, तब उनके घर में घुस गया था। शालिनी ने मई में आरोपी के खिलाफ ‘रिस्ट्रेनिंग ऑर्डर’ हासिल किया था। हालांकि, रिपोर्टों के मुताबिक कथित पीछा करना जुलाई तक जारी रहा।

आरोपी अमेरिका कैसे पहुंचा था?
DHS के मुताबिक, आरोपी 2023 में एरिजोना के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था। इससे पहले अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल ने उसे पकड़ा भी था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। हालांकि, आरोपी की इमिग्रेशन स्थिति और मामले से जुड़े दूसरे कानूनी विवरण अभी आधिकारिक रिकॉर्ड और जांच के अधीन हैं। व्योमिंग में सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमला और सैक्रामेंटो में भारतीय मूल की महिला की हत्या ने अमेरिका में भारतीय और दक्षिण एशियाई समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है। बता दें कि हाल ही में पाकिस्तान में गुरुद्वारे के अंदर सिख कपल की हत्या की खबर भी सामने आई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related