मांधना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधना में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज फहराने के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि श्री जीत राम शर्मा ने ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विशेष अतिथि सरपंच पंचपाल शर्मा, BDC मेंबर अंजना शर्मा, SMC प्रधान चमेली देवी, पंच गीता शर्मा, विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजली सिंह, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, भाषणों एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर में देशप्रेम और उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री जीत राम शर्मा ने कहा कि वे हर वर्ष जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए अपने निजी कोष से सहयोग प्रदान करते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी उन्होंने 20 से 25 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल ड्रेस वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया, जिसकी अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने सराहना की।
वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजली सिंह ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक अभिवादन करते हुए कहा कि “गणतंत्र दिवस हमें संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना भी अपनानी चाहिए। विद्यालय परिवार का निरंतर प्रयास है कि हर बच्चा आगे बढ़े और अपने गांव, क्षेत्र व देश का नाम रोशन करे।”
समारोह के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर विशेष अतिथि सरपंच पंचपाल शर्मा द्वारा यह भी बताया गया कि वे हर वर्ष होनहार विद्यार्थियों को अपने निजी कोष से छात्रवृत्ति प्रदान करते हैं, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


