बबीना (झांसी) | 25 मार्च
बबीना की इंडियन गैस एजेंसी पर गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर को लेकर अव्यवस्था सामने आई। तड़के करीब 4 बजे से ही सैकड़ों उपभोक्ता एजेंसी के बाहर पहुंच गए। देखते ही देखते लंबी कतारें लग गईं और लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी।
एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के जरिए ही दिए जा रहे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं का आरोप है कि डिलीवरी समय पर नहीं हो रही। कई लोगों ने बताया कि उनकी बुकिंग डेढ़ से दो महीने पुरानी है, इसके बावजूद अब तक गैस सिलेंडर घर नहीं पहुंचा।
लोगों ने कहा- डिलीवरी नहीं तो बुकिंग क्यों
लाइन में खड़े उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया। एक महिला ने कहा, “सुबह 4 बजे से लाइन में खड़े हैं, बच्चे घर पर भूखे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।”
वहीं एक अन्य उपभोक्ता ने कहा, “जब डिलीवरी नहीं करनी, तो बुकिंग क्यों कराते हैं?”
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी बार-बार आश्वासन देती है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस, भीड़ को कराया शांत
स्थिति बिगड़ती देख बबीना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने उपभोक्ताओं से अपील की कि अनावश्यक भीड़ न लगाएं और यदि होम डिलीवरी नहीं हो रही है तो थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
एसएचओ ने कहा कि हर शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी और उपभोक्ताओं को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
एजेंसी को दिए गए निर्देश
प्रशासन ने गैस एजेंसी संचालक अनिल कुमार को निर्देश दिए हैं कि लंबित बुकिंग्स को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और डिलीवरी व्यवस्था में सुधार किया जाए।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन उपभोक्ताओं की समस्या अभी भी बनी हुई है। लोगों को अब जल्द समाधान का इंतजार है।
सवाल उठ रहे हैं
होम डिलीवरी के दावे के बावजूद उपभोक्ताओं को लाइन में क्यों लगना पड़ रहा है?
क्या एजेंसी समय पर डिलीवरी करने में विफल रही है?
प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान कब करेगा?
बबीना से मोहित साहू के साथ फैजान कुरैशी की रिपोर्ट

