पिंजौर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धतोगरा (3723) में 9 सितंबर 2026 को खंड स्तरीय युवा ग्राम सभा प्रतियोगिता के तहत युवा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझते हुए विभिन्न भूमिकाएं निभाईं।
12वीं कक्षा की छात्रा बेबी ने सरपंच, 12वीं के पीयूष ने ग्राम सचिव और 10वीं के आशीष ने चौकीदार की भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने ग्राम सभा में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान समस्याओं पर विचार-विमर्श करते हुए सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी रोहिल्ला ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता बिमलेश शर्मा और भूगोल के प्रवक्ता रणदीप चौहान ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली,
लोकतांत्रिक व्यवस्था और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों की जानकारी दी।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. राजेश कुमार ने निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुति का मूल्यांकन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
प्रधानाचार्या मीनाक्षी रोहिल्ला ने कहा कि युवा ग्राम सभा के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


