मांधना / मोरनी। आज दिनांक 10 सितंबर 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधना में खंड स्तरीय युवा ग्राम सभा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अंजली रानी की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में सुरेश प्रवक्ता राजनीति विज्ञान ने मुख्य अतिथि एवं निर्णायक की भूमिका निभाई और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेते हुए ग्राम सभा की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कुमारी मोनिका ने सरपंच तथा आराधना ने ग्राम सचिव की भूमिका निभाई। अन्य विद्यार्थियों ने ग्राम सभा के सदस्यों और ग्रामीणों की भूमिकाएं निभाईं। विद्यार्थियों ने चर्चा के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं तथा उनके समाधान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्या डॉ. अंजली रानी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में सहायक होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं।
अंत में सुरेश ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


