‘हनुमान भारत के आयरन मैन हैं’, नमित मल्होत्रा ने बताई ‘रामायण’ में सनी देओल को कास्ट करने की वजह, बोले- वो गुस्से में पहाड़ हिला देते हैं

Date:

नमित मल्होत्रा ने सनी देओल को हनुमान के रूप में कास्ट करने की वजह बताई। उन्होंने हनुमान को भारत का आयरन मैन कहा और खुलासा किया कि सीक्वल की 60% शूटिंग पूरी हो चुकी है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस भव्य फिल्म ने रिलीज के तीन सप्ताह में दुनियाभर में अपनी खास पहचान बना ली है। फिल्म के पहले पार्ट में भगवान राम के जन्म से लेकर सीता हरण तक की कहानी दिखाई गई है, वहीं रावण के जीवन और लंका की सत्ता हासिल करने की कहानी भी दर्शकों के सामने रखी गई है। हालांकि फिल्म के अंत में दिखाया गया हनुमान जी का दमदार परिचय दर्शकों के लिए सबसे बड़े आकर्षणों में से एक रहा। अब फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने भगवान हनुमान की तुलना भारत के आयरन मैन से की है। साथ ही निर्देशक नितेश तिवारी ने बताया है कि आखिर इस महत्वपूर्ण किरदार के लिए सनी देओल को ही क्यों चुना गया।
नमित मल्होत्रा ने हनुमान को बताया भारत का ‘आयरन मैन’
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने Gold Derby को दिए इंटरव्यू में हनुमान के किरदार की लोकप्रियता और कहानी में उनकी अहमियत पर बात की। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान भारतीय दर्शकों के सबसे पसंदीदा और लोकप्रिय पात्रों में से एक हैं। उनकी तुलना करते हुए नमित ने उन्हें भारत का ‘आयरन मैन’ बताया। उनके मुताबिक जिस तरह आयरन मैन दुनियाभर में सुपरहीरो के रूप में लोकप्रिय हैं, उसी तरह भगवान हनुमान भी भारतीय दर्शकों के दिलों में खास जगह रखते हैं। यही वजह है कि मेकर्स ने पहले पार्ट में उनके किरदार को पूरी तरह सामने लाने के बजाय सिर्फ एक प्रभावशाली झलक दिखाने का फैसला किया।
दूसरे पार्ट के लिए क्यों बचाकर रखा हनुमान का किरदार?
‘रामायण’ के पहले पार्ट के मिड-क्रेडिट सीन में सनी देओल के हनुमान के रूप में दिखाई देने से दर्शकों के बीच दूसरे पार्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। नमित मल्होत्रा ने बताया कि मेकर्स चाहते थे कि दर्शकों के मन में हनुमान के किरदार को लेकर उत्सुकता बनी रहे। इसलिए उनकी पूरी कहानी और भूमिका को अगले पार्ट के लिए रखा गया है। निर्माता के मुताबिक हनुमान की मौजूदगी सीक्वल को एक अलग स्तर पर ले जाएगी। वह चाहते थे कि पहले पार्ट के अंत में दर्शकों के मन में यह सवाल बना रहे कि आगे भगवान राम की यात्रा किस दिशा में बढ़ेगी और हनुमान की भूमिका इसमें क्या होगी।

सनी देओल को ही क्यों बनाया गया हनुमान?
हनुमान के किरदार के लिए सनी देओल का चयन भी काफी चर्चा में रहा है। इससे पहले रामानंद सागर की ‘रामायण’ में दारा सिंह ने भगवान हनुमान की भूमिका निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। ऐसे में इस प्रतिष्ठित किरदार के लिए नए कलाकार का चयन करना मेकर्स के सामने बड़ी चुनौती थी। निर्देशक नितेश तिवारी ने बताया कि हनुमान के व्यक्तित्व में मासूमियत, भक्ति और अपार शक्ति का अनोखा मेल होना चाहिए। वह ऐसे किरदार हैं जो सामान्य परिस्थितियों में बेहद सरल और प्रिय नजर आते हैं, लेकिन क्रोध आने पर उनकी शक्ति का सामना करना मुश्किल हो जाता है। नितेश के मुताबिक सनी देओल की शख्सियत में भी यही खासियत दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि सनी की ताकतवर छवि ऐसी है कि जब वह गुस्से में होते हैं तो ऐसा लगता है मानो पहाड़ भी हिल सकते हैं। इसी वजह से मेकर्स को लगा कि वह इस अमर किरदार के साथ पूरी तरह न्याय कर सकते हैं। निर्देशक ने यह भी कहा कि सनी ने भले ही पहले कभी पारंपरिक सुपरहीरो की भूमिका न निभाई हो, लेकिन दर्शकों के बीच उनकी छवि किसी सुपरहीरो से कम नहीं है।

पहले से शूट हो चुका है सीक्वल का 60 फीसदी हिस्सा
फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। ‘रामायण’ के सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि सीक्वल की करीब 60 फीसदी शूटिंग पूरी हो चुकी है। हालांकि फिल्म का काफी वीएफएक्स और मोशन कैप्चर का काम अभी बाकी है। उन्होंने संकेत दिया कि दूसरा पार्ट पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्तर पर तैयार किया जाएगा। ऐसे में सनी देओल के हनुमान अवतार और भगवान राम के साथ उनके जुड़ाव को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों को अभी इंतजार करना होगा। फिल्म में विष्णु के किरदार को लेकर भी काफी चर्चाएं हैं। इस रोल में नजर आ रहे शख्स कोई एक्टर नहीं बल्कि पर्दे के पीछे रह कर काम करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

गोलरी बाहरीपुरा में युवती और रामकुमार पहलवान को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म, संजय धोबी के घेर का भी जिक्र

गोलरी बाहरीपुरा। क्षेत्र में एक युवती, रामकुमार पहलवान कंसाना...