मुंबई जाने निकले भालो दास रहस्यमय ढंग से लापता, कटनी में घायल होने के बाद गया से किया आखिरी फोन, परिवार परेशान

Date:

मुंबई जाने निकले भालो दास रहस्यमय ढंग से लापता, कटनी में घायल होने के बाद गया से किया आखिरी फोन, परिवार परेशान

विशेष संवाददाता की रिपोर्ट

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले से मुंबई के लिए निकले 42 वर्षीय भालो दास रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। परिवार का दावा है कि कटनी रेलवे स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ने और सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उन्होंने परिजनों से संपर्क कर घर लौटने की बात कही, लेकिन गया पहुंचने के बाद वह अचानक लापता हो गए। कई दिनों से उनकी तलाश जारी है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है।

परिजनों के अनुसार पथरौली, थाना बेगराज, जिला गिरिडीह निवासी भालो दास 12 जुलाई को मुंबई जाने के लिए घर से निकले थे। उनके साथ लोचन दास भी यात्रा कर रहे थे। बताया गया कि यात्रा के दौरान कटनी रेलवे स्टेशन पर भालो दास पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे। इसी दौरान उन्हें चक्कर आ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इस दौरान उनकी ट्रेन छूट गई और उनके साथी लोचन दास अकेले मुंबई पहुंच गए।

परिजनों का कहना है कि करीब दो दिन बाद जब भालो दास की तबीयत में कुछ सुधार हुआ तो उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति के मोबाइल नंबर से लोचन दास को फोन कर बताया कि वह गया पहुंच रहे हैं और घर से किसी को उन्हें लेने भेज दिया जाए। इसके बाद 15 जुलाई को उन्होंने दोबारा फोन कर बताया कि वह गया रेलवे स्टेशन पहुंच चुके हैं और जल्द किसी को वहां भेजा जाए।

परिवार के सदस्य तुरंत गया पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर जिस व्यक्ति के मोबाइल से फोन किया गया था, उसने बताया कि भालो दास ने उसके यहां भोजन किया था और उसके बाद वहां से कहीं चले गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया। परिवार ने गया रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

लापता भालो दास के भतीजे लोचंदा ने बताया कि परिवार लगातार उनकी खोजबीन कर रहा है। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भालो दास के संबंध में कोई सूचना मिले तो मोबाइल नंबर 6299024738 या 8292419482 पर तत्काल संपर्क करें।

फिलहाल भालो दास का कोई सुराग नहीं मिला है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और खोजबीन पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related