रिपोर्ट: शशि कुमार
औरंगाबाद जिले के खरकनी पंचायत अंतर्गत बंधन रिसोर्ट के पीछे स्थित टोले में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में मात्र चार घर बने हुए हैं और वहां आने-जाने की समुचित सुविधा नहीं है, जिसका फायदा उठाकर चोर लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
ताजा घटना में पांडे जी के मकान को निशाना बनाया गया। चोरों ने घर में घुसकर दीवान पलंग को तोड़फोड़ किया, बक्से का ताला तोड़ा तथा मुख्य गेट का ताला भी क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है बल्कि पांडे जी के घर पर दोबारा चोरी का प्रयास किया गया है।
चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने अगल-बगल के मकानों को बाहर से अवरुद्ध करने की कोशिश की। बताया गया कि आसपास के घरों के दरवाजों पर रस्सी बांधकर उन्हें बाहर से ब्लॉक कर दिया गया, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद पांडे जी के मकान पर चढ़कर चोरी का प्रयास किया गया और पास के एक अन्य घर पर भी हमला करने की कोशिश की गई।
इसी दौरान पड़ोसियों ने फोन के जरिए एक-दूसरे को सूचना दी और शोर मचाया। हल्ला होते ही चोर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों द्वारा तुरंत मुफस्सिल थाना को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की निगरानी की।
ग्रामीणों का कहना है कि खरकनी पंचायत में यह दूसरी बार चोरी की घटना हुई है, लेकिन इसके बावजूद पंचायत स्तर पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पंचायत के मुखिया अब तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि:
-
क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती कराई जाए
-
सुनसान इलाके में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो
-
चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए
-
दोषियों की गिरफ्तारी की जाए
-
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है और लोग रात के समय भय के साये में रहने को मजबूर हैं।
-
औरंगाबाद बिहार से शशि सिंह का रिपोर्ट

