पांच हजार रुपये अधिक लेने के बाद भी वापस नहीं कर रहा एजेंसी कर्मचारी, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर
मऊ जनपद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र से फाइनेंस के नाम पर अतिरिक्त रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। मोहल्ला समसाबाद निवासी सुनिल सरोज ने एजेंसी कर्मी पर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि गाड़ी फाइनेंस कराने के दौरान उससे तय रकम से अधिक पैसे ले लिए गए और अब वापस मांगने पर टालमटोल की जा रही है।
पीड़ित सुनिल सरोज पुत्र अमेरिका सरोज निवासी मोहल्ला समसाबाद जनपद मऊ ने कोतवाली नगर पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसने 23 अक्टूबर 2026 को गाजीपुर तिराहा स्थित राजपूत एजेंसी से यूपी 54 बीसी 9062 नंबर की गाड़ी फाइनेंस पर खरीदी थी। आरोप है कि एजेंसी में कार्यरत फाइनेंसर रितु सिंह ने स्कैनर के माध्यम से उससे 30 हजार रुपये जमा करा लिए, जबकि फाइनेंस राशि 25 हजार रुपये ही तय थी।
सुनिल सरोज का आरोप है कि पांच हजार रुपये अधिक लेने के बाद जब उसने अपना पैसा वापस मांगा तो एजेंसी कर्मी ने देने से इनकार कर दिया। पीड़ित के अनुसार कई बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं की जा रही है और लगातार टालमटोल किया जा रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि उसके पांच हजार रुपये वापस दिलाए जाएं और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। इस घटना के बाद क्षेत्र में फाइनेंस कंपनियों और एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि वाहन फाइनेंस के नाम पर ग्राहकों से मनमानी वसूली किए जाने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से ऐसे लोगों के हौसले बुलंद हैं।

