आईआईटी रुड़की के बाहर खंजर रोड पर स्पीड ब्रेकरों की भरमार, आधा किलोमीटर में पांच ब्रेकर बनाकर नगर निगम ने बढ़ाई वाहन चालकों की परेशानी

Date:

सीनियर सिटीजन ने उठाए निर्माण की गुणवत्ता और औचित्य पर सवाल, बोले- स्पीड ब्रेकर से गुजरते ही हिल जाता है पूरा शरीर; सरकार से सड़क का निरीक्षण कराने की मांग

रुड़की। आईआईटी रुड़की के बाहर खंजर रोड पर नगर निगम की ओर से बनाए गए स्पीड ब्रेकर अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। सड़क के महज आधा किलोमीटर से कुछ अधिक हिस्से में कम से कम पांच स्पीड ब्रेकर बनाए जाने को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इन स्पीड ब्रेकरों का निर्माण बिना उचित योजना और मानकों का ध्यान रखे किया गया है, जिसके कारण रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर आईआईटी रुड़की कैंपस निवासी वरिष्ठ नागरिक जयप्रकाश राय सिंघानी ने चिंता जाहिर करते हुए नगर निगम और संबंधित प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि खंजर रोड पर इतनी कम दूरी में पांच स्पीड ब्रेकर बनाए जाने का औचित्य समझ से परे है। आखिर इन ब्रेकरों को किस आधार पर और किस उद्देश्य से बनाया गया है, यह स्पष्ट होना चाहिए।

जयप्रकाश राय सिंघानी के मुताबिक, वह स्वयं एक सीनियर सिटीजन हैं और उनके जैसे कई अन्य बुजुर्ग तथा आम नागरिक प्रतिदिन अपने वाहनों से इस सड़क से गुजरते हैं। सड़क पर बने इन स्पीड ब्रेकरों से वाहन निकालते समय लोगों को तेज झटके महसूस होते हैं। स्थिति यह है कि वाहन के ऊपर बैठकर गुजरने वाले व्यक्ति का पूरा शरीर हिल जाता है। इससे बुजुर्गों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी असुविधा होती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि सामान्य तौर पर स्पीड ब्रेकर स्कूलों, अस्पतालों और संवेदनशील स्थानों के आसपास लोगों की सुरक्षा तथा वाहनों की गति नियंत्रित करने के उद्देश्य से बनाए जाते हैं। लेकिन खंजर रोड पर बनाए गए इन स्पीड ब्रेकरों की स्थिति और निर्माण को देखकर ऐसा प्रतीत नहीं होता कि इनके निर्माण में उचित तकनीकी मानकों और आम नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।

सुरक्षा के नाम पर सुविधा से समझौता क्यों?

वरिष्ठ नागरिक ने कहा कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाना गलत नहीं है, लेकिन उनका निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। यदि स्पीड ब्रेकर जरूरत से ज्यादा ऊंचे या अनुचित तरीके से बनाए जाते हैं तो वे सुरक्षा के बजाय वाहन चालकों के लिए परेशानी और जोखिम का कारण बन सकते हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों, दोपहिया वाहन चालकों और शारीरिक परेशानी से जूझ रहे लोगों को इससे अधिक दिक्कत हो सकती है।

सरकार से तत्काल निरीक्षण कराने की मांग

जयप्रकाश राय सिंघानी ने सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि आईआईटी रुड़की के बाहर खंजर रोड का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। सड़क पर बने सभी स्पीड ब्रेकरों की ऊंचाई, दूरी, निर्माण की गुणवत्ता और उनकी आवश्यकता की तकनीकी जांच होनी चाहिए। यदि इनमें कोई खामी पाई जाती है तो संबंधित विभाग को आवश्यक सुधार कराना चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

अब सवाल यह है कि आधा किलोमीटर के आसपास पांच स्पीड ब्रेकर बनाने के पीछे क्या तकनीकी आधार है? क्या निर्माण से पहले सड़क की वास्तविक जरूरतों का आकलन किया गया था? फिलहाल वरिष्ठ नागरिक की इस शिकायत ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खंजर रोड पर बने स्पीड ब्रेकरों का निष्पक्ष तकनीकी निरीक्षण कराकर आम नागरिकों और वाहन चालकों को राहत दी जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

दुनिया की कोई ताकत नहीं चाहती भारत तरक्की करे: मोहन भागवत

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया की...