करमा पूजा के बाद 13 वर्षीय दीनानाथ लापता, नदी में शव फेंके जाने की आशंका

Date:

पिता ने आवेदन देकर मनोज कुमार व कार्तिक सिंह पर लगाया हत्या का आरोप, तेज धार के बीच नदी में तलाश जारी

जामपुर परगना नदी में लापता बच्चे की तलाश करते तैराक एवं पुलिस टीम।

हिरणपुर। करमा पर्व की खुशियां उस समय चिंता में बदल गईं, जब नयाग्राम निवासी हरिनंदन सिंह का 13 वर्षीय पुत्र दीनानाथ सिंह मंगलवार रात से अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजनों ने हिरणपुर थाने में आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की है। आवेदन में पिता हरिनंदन सिंह ने मनोज कुमार और कार्तिक सिंह पर बच्चे की हत्या कर शव को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना की सूचना मिलने के बाद हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में हिरणपुर एवं लिट्टीपाड़ा पुलिस की टीम बच्चे की तलाश में जुटी है। जांच के क्रम में पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में बच्चे की हत्या कर शव को जामपुर परगना नदी में फेंके जाने की बात सामने आने की जानकारी है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तेज धार के बीच घंटों चला तलाशी अभियान

बच्चे को नदी में फेंके जाने की आशंका के बाद गुरुवार को स्थानीय तैराकों की मदद से जामपुर परगना नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। नदी में तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में काफी कठिनाई हो रही है। इसके बावजूद तैराक नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बच्चे की तलाश कर रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ से पुलिस की तकनीकी टीम भी हिरणपुर पहुंची और जांच शुरू की। टीम मोबाइल समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। इधर, बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ के साथ-साथ आवेदन में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चे के साथ वास्तव में क्या हुआ और वह नदी में है या नहीं, इसका स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता हिरणपुर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related