सिंगरौली जिले के सरई नगर परिषद क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब दुकान पर ग्राहकों से निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूले जाने का आरोप लगा है। मामला नगर परिषद सरई के वार्ड क्रमांक 14 में संचालित शराब दुकान का बताया जा रहा है, जहां खुलेआम मनमानी तरीके से शराब बिक्री किए जाने की शिकायत सामने आई है।
स्थानीय लोगों और ग्राहकों के मुताबिक, दुकान पर जिस शराब की बोतल का अधिकतम खुदरा मूल्य यानी एमआरपी 520 रुपये अंकित है, उसे ग्राहकों को 650 रुपये में बेचा जा रहा है। यानी एक बोतल पर करीब 130 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। ग्राहकों का कहना है कि जब उन्होंने निर्धारित मूल्य से अधिक रकम लेने का विरोध किया तो दुकान के कर्मचारियों ने साफ तौर पर कहा कि यह मालिक के आदेश पर किया जा रहा है और सभी ग्राहकों से इसी दर पर पैसा लिया जा रहा है।
इस पूरे मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शराब पर सरकार द्वारा निर्धारित एमआरपी तय है, तो उससे अधिक कीमत पर बिक्री आखिर किसके संरक्षण में हो रही है। क्या संबंधित ठेकेदार नियमों को ताक पर रखकर अवैध वसूली कर रहा है, या फिर जिम्मेदार विभागों की अनदेखी से यह खेल लंबे समय से चल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह की मनमानी वसूली से आम उपभोक्ता परेशान हैं, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने आबकारी विभाग और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर आरोप को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या शराब दुकान में चल रही कथित अवैध वसूली पर रोक लग पाती है या नहीं। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

