विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, भाइयों का तिलक कर मिठाई खिलाई और सुखी जीवन की कामना की
सेवापुरी, वाराणसी। भैया दूज के पावन पर्व पर विकासखंड सेवापुरी क्षेत्र के खिल्लूपुर गांव में मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ त्योहार मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए व्रत रखा तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ किया और भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद बहनों ने भाइयों को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति प्रेम, सम्मान और स्नेह प्रकट किया।
भैया दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और आपसी रिश्तों की मिठास का प्रतीक है। पूरे गांव में त्योहार को लेकर हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला।

